बच्चों की प्रतिभा को मिला सम्मान, 65 नन्हे सितारों को पत्रकारों ने दिया प्रोत्साहन
अतुल जैन
(स्वतंत्रता दिवस पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय बामौरकलां में अनूठी पहल, पत्रकारों व विद्यालय स्टाफ ने बढ़ाया बच्चों का हौसला)
बामौरकलां। स्वतंत्रता दिवस का मंच... देशभक्ति का जुनून... और अपनी प्रतिभा से सबका मन मोह लेने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चे। शासकीय माध्यमिक विद्यालय बामौरकलां में स्वतंत्रता दिवस समारोह उस समय और खास बन गया, जब बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर क्षेत्र के पत्रकारों एवं विद्यालय स्टाफ ने सभी 65 प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर उनकी प्रतिभा को सम्मानित किया विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया। बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिभा को देखते हुए पत्रकार सुरेश शर्मा, अतुल जैन, रमेश जाटव एवं विवेक कटारे ने सभी 65 प्रतिभागी बच्चों को पेन, कॉपी, ड्राइंग बुक, कलर्स सहित अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री भेंट की।
(पुरस्कार मिलते ही खिल उठे बच्चों के चेहरे)
सम्मान और पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। किसी के चेहरे पर मुस्कान थी तो कोई अपने पुरस्कार को उत्साह के साथ संभालता नजर आया। यह पल बच्चों के लिए केवल पुरस्कार पाने का नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और प्रतिभा को पहचान मिलने का भी रहा। वहीं विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पानी की बोतलें भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को बच्चों के लिए और भी यादगार बना दिया।
(प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की पहल बनी चर्चा का विषय)
कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने पत्रकारों और विद्यालय स्टाफ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को मंच देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को सम्मानित करना उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देता है। छोटी उम्र में मिलने वाला ऐसा प्रोत्साहन बच्चों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने और शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करता है। इस अवसर पर CAC अनिल शर्मा, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं पत्रकार साथी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों की प्रतिभा को मिला यह सम्मान पूरे आयोजन का एक यादगार और प्रेरणादायी क्षण बन गया।

