इंदौर में सिविल सेवा दिवस गरिमामय रूप से मनाया गया
इन्दौर। इंदौर में आज सिविल सेवा दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सिविल सेवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवाएं शासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय सिविल सेवा दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी उपस्थित अधिकारियों को दिखाया गया, जिसमें विभिन्न प्रशासनिक पहल और उत्कृष्ट कार्यों का उल्लेख किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रशासनिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता और जनहित में बेहतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
सिविल सेवा दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन विशेष रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम में क्षमता विकास आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री आदिल जैनुलभाई भी मौजूद थे।
साधना सप्ताह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को सम्मान
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में साधना सप्ताह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को पुरस्कृत किया गया। दस हजार से अधिक लोकसेवकों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन में प्रथम स्थान पर जनजातीय कार्य विभाग, द्वितीय स्थान पर उच्च शिक्षा विभाग और तृतीय स्थान पर स्कूल शिक्षा विभाग को पुरस्कृत किया गया। एक हजार से 10000 लोकसेवकों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये प्रथम स्थान पर आयुष विभाग, द्वितीय स्थान पर तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग और तृतीय स्थान पर जेल विभाग को पुरस्कृत किया गया। एक हजार से कम लोकसेवकों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन में प्रथम स्थान पर पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, द्वितीय स्थान पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग और तृतीय स्थान पर जनसंपर्क विभाग को पुरस्कृत किया गया।
अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री संजय दुबे ने सिविल सेवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रशासन अकादमी के महानिदेशक श्री सचिन सिन्हा और बड़ी संख्या में लोक सेवक उपस्थित थे। उप सचिव, मुख्यमंत्री श्री सुधीर कोचर ने कार्यक्रम का संचालन किया। संचालक प्रशासन अकादमी श्री मुजीबुर्रहमान खान ने आभार व्यक्त किया।

