संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा सम्पन्न
दो सत्रों में करीब 72 प्रतिशत परीक्षार्थी सम्मिलित हुए
इन्दौर। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को इंदौर के 27 परीक्षा उप केन्द्रों पर सम्पन्न हुई। दो सत्र में प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे (प्रथम सत्र) एवं दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक (द्वितीय सत्र) सफलतापूर्वक आयोजित की गई। उक्त परीक्षा में कुल 12,103 परीक्षार्थी थे। जिनमें प्रथम सत्र में 8766 (72. 42 प्रतिशत) उपस्थित हुए तथा द्वितीय सत्र में 8675 परीक्षार्थी (71.67 प्रतिशत) उपस्थिति हुए। इस परीक्षा के लिए आयोग द्वारा संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर जाकर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने पहली बार बने परीक्षा केन्द्र सेंट पॉल हाई सेकेण्डरी स्कूल पर पहुँचकर परीक्षा केन्द्र प्रभारी से उपस्थिति और अनुपस्थिति के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। परीक्षा समन्वयक अधिकारी के सहयोग हेतु श्रीमती शैली कनाश, संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन) इंदौर संभाग, इंदौर को प्रभारी परीक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया था।
परीक्षा के प्रारंभ होने के पूर्व परीक्षार्थियों की फीस्किंग के उपरांत आयोग द्वारा ऐप के द्वारा परीक्षार्थियों के FACE AUTHENTICATION के उपरांत परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में नियत समय पर प्रवेश दिया गया।
पुलिस विभाग द्वारा श्री प्रमोद सोनकर नोडल अधिकारी (पुलिस) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुरक्षा, नगरीय इंदौर के नेतृत्व में कानून व्यवस्था व सुरक्षा की दृष्टि से वृहद संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सभी परीक्षा केन्द्रों पर जैमर की व्यवस्था भी की गई थी।
संभागायुक्त डॉ. खाड़े द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केन्द्रों पर लोकल इन्सपेक्टिंग ऑफिसर (निरीक्षण अधिकारी) भी नियुक्त किये गये थे।
मप्र शासन द्वारा संघ लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा के पर्यवेक्षक हेतु ए०के०व्ही०एन० इंदौर कार्यकारी संचालक श्री हिमांशु प्रजापति तथा इंदौर नगर पालिक निगम, इंदौर अपर आयुक्त श्री आकाश सिंह को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नियुक्त श्री संजय गैरोला एवं श्री सौरव कश्यप को इंदौर केन्द्र हेतु निरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया था। नियुक्त किये गये ऑब्जर्वर एवं निरीक्षण अधिकारियों द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों का गहन निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया गया।

