शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी का जोरदार प्रदर्शन: चुनाव आयोग और CEC के इस्तीफे की मांग, संस्थापक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज
मुंबई। चुनाव आयोग और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने मुंबई के शिवाजी पार्क के बाहर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में हजारों लोगों का हुजूम उमड़ा और अभिजीत दीपके समेत सीजेपी के प्रवक्ताओं ने सरकार पर जमकर हमला बोला। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन के खिलाफ भी कई जगहों पर लोग सड़कों पर उतर आए। इस प्रदर्शन से पहले ही शिवाजी पार्क के आसपास रहने वाले लोग इसका विरोध कर रहे थे। वहीं सिद्धी देवलेकर नाम की एक वकील ने अभिजीत दीपके समेत सीजेपी के संस्थापकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
सिद्धी देवलेकर ने शिकायत में कहा है कि जब उन्हें प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिली थी तब यहां शांति भंग करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि बॉम्बे हाई कोर्ट ने 2013 में ही फैसला सुनाया था कि शिवाजी पार्क में कोई विरोध प्रदर्शन नहीं होगा। इसको मानते हुए ही मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी। इसके बावजूद सीजेपी के लोग उपद्रवियों की तरह भारी भीड़ इकट्ठा करके प्रदर्शन करने लगे जिससे यहां के आम लोगों को अच्छी खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
देवलेकर ने कहा कि विरोध प्रदर्शन का अधिकार सबको है लेकिन उसके लिए एक उपयुक्त जगह भी होनी चाहिए। वे आजाद मैदान जा सकते थे। नहीं तो उन्हें दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जब सीजेपी सीईसी का इस्तीफा मांग रही है तो मुंबई में प्रदर्शन करने का क्या मतलब। यह केवल लोगों को बेवजह परेशान करना है। उन्होंने मुंबई पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस ने उनकी शिकायत सुनी है और कार्रवाई का भी भरोसा दिया है। उन्होंने कहा, हम सिर्फ सुरक्षित महसूस करना चाहते हैं। इस प्रदर्शन की वजह से बहुत सारे लोगों को परेशानी हुई है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

