इंदौर में अभी से महंगा हुआ नारियल पानी, खिलाड़ियों की डिमांड ने बढ़ाई चिंता
टी-20 मैच से पहले वेस्टइंडीज टीम ने मांगा अतिरिक्त स्टॉक, 45-60 रुपये वाला नारियल पानी 70-80 रुपये तक पहुंचा
राजेश धाकड़
इंदौर। शहर में बढ़ते तापमान और कम बारिश का असर अब नारियल पानी की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। गर्मी बढ़ते ही नारियल पानी के दामों में इजाफा शुरू हो गया है। जो नारियल पानी कुछ समय पहले 45 से 60 रुपए में आसानी से मिल जाता था, उसकी कीमत अब कई जगहों पर 70 से 80 रुपए तक पहुंच गई है। थोक बाजार में भी कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
मैच से पहले खिलाड़ियों ने भी रखी डिमांड
खास बात यह है कि 11 अक्टूबर को इंदौर में होने वाले टी-20 मुकाबले से पहले खिलाड़ियों के लिए नारियल पानी की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। बताया गया कि वेस्टइंडीज टीम की ओर से नारियल पानी का अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध रखने की मांग की गई है।
एमपीसीए के सीईओ रोहित पंडित ने मीडिया से चर्चा में बताया कि वेस्टइंडीज टीम ने नारियल पानी की अतिरिक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों की डाइट, हाइड्रेशन और अन्य जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
थोक से लेकर ऑनलाइन बाजार तक असर
बढ़ती मांग का असर थोक और रिटेल दोनों बाजारों में दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक, थोक में करीब 30 रुपए प्रति पीस बिकने वाले नारियल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। वहीं पैकेज्ड नारियल पानी, जो ऑनलाइन बाजार में करीब 40 से 99 रुपए तक उपलब्ध होता है, उसकी कीमतों में भी मांग के चलते बदलाव देखने को मिल रहा है।
ऐसे में क्रिकेट मैच के साथ खिलाड़ियों की नारियल पानी की डिमांड ने बाजार की गर्मी और बढ़ा दी है। अब मैच से पहले इंदौर में नारियल पानी की सप्लाई और कीमतों पर सभी की नजर रहेगी।

