झाबुआ के शानदार परीक्षा परिणाम पर कलेक्टर ने दी बधाई
प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को दी बधाई
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ । झाबुआ जिले के कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर समस्त विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
कलेक्टर ने अपने संदेश में कहा कि हायर सेकेंडरी में 93.23% परिणाम के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान एवं हाई स्कूल में 87.83% परिणाम के साथ प्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में स्थान प्राप्त करना झाबुआ जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।
उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा बने। साथ ही आगामी वर्ष में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ अभी से तैयारी प्रारंभ करने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने जिले की प्रतिभाशाली छात्रा कु. सीमा भयडिया पिता श्री कांतिलाल भयडिया, शा. कन्या उ.मा.वि. राणापुर को कक्षा 10वीं में 495 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पांचवां स्थान अर्जित करने पर विशेष बधाई दी। इसी प्रकार अणु पब्लिक स्कूल, थांदला की छात्रा हर्षि लूणावत को वाणिज्य संकाय में प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त करने पर भी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर ने कहा कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धि पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

