कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज जिला चिकित्सालय विदिशा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएनसी वार्ड एवं बर्न वार्ड का अवलोकन किया तथा वहां भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था एवं चिकित्सकीय सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाइयों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सालय प्रबंधन व विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वार्डों में स्वच्छता, उपचार व्यवस्था तथा मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान विदिशा एसडीएम श्री मनीष कुमार जैन, सिविल सर्जन सहित अन्य चिकित्सीय स्टॉफ मौजूद रहा।

