इंदौर फल-सब्जी मंडी का आयुक्त ने किया निरीक्षण, यातायात व्यवस्था और पारदर्शी नीलामी पर जोर

  • Share on :

मंडी में प्रतिदिन 30 से 35 हजार लोगों और 8 से 10 हजार वाहनों का होता है आवागमन, किसानों के हित में काम करने के निर्देश
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल के आयुक्त सह प्रबंध संचालक राघवेन्द्र सिंह (IAS) ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को देवी अहिल्याबाई होलकर फल एवं सब्जी मंडी, इंदौर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और किसानों एवं व्यापारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मंडी सचिव ओ.पी. खेड़े से मंडी में प्रतिदिन होने वाले आवागमन की जानकारी ली। सचिव ने बताया कि मंडी परिसर में प्रतिदिन लगभग 30 से 35 हजार लोगों का आवागमन होता है। इसके साथ ही 8 से 10 हजार वाहन प्रतिदिन मंडी में आते-जाते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना आवश्यक है।
पारदर्शी नीलामी और किसान हित पर जोर
निरीक्षण के दौरान आयुक्त राघवेन्द्र सिंह ने निर्देश दिए कि फल एवं सब्जियों की आवक-जावक के समय यातायात व्यवस्था सुगम रखी जाए, ताकि किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नीलामी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित करने और किसानों के हितों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
इस दौरान आयुक्त ने उपस्थित किसानों से चर्चा कर मंडी की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण में मंडी बोर्ड भोपाल एवं इंदौर के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर और मंडी कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण में प्रमुख रूप से मंडी बोर्ड के अधीक्षण यंत्री मधुकर पंवार, संयुक्त संचालक प्रवीण वर्मा, मंडी समिति इंदौर के सचिव ओ.पी. खेड़े, कार्यपालन यंत्री पी.एल. घाघरे, सहायक यंत्री कमलाकर सिंह बघेल, उपयंत्री मनोज चौधरी, निज सहायक अनिल कुमार चौरे तथा फल-सब्जी मंडी के प्रभारी राधेश्याम ठाकुर मौजूद रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper