IND vs NZ 1st T20I: भारत का ऐतिहासिक रनचेज, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

  • Share on :

क्राइस्टचर्च. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार (22 अक्टूबर) को खेला गया. क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में आयोजित इस मुकाबले में भारत ने 4 विकेट से जीत हासिल की. मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 226 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 2 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. टी20 इंटरनेशनल में पहली बार भारत ने इतने बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया है. यानी भारत का ये टी20 इंटरनेशनल में सबसे सफल रनचेज रहा.
इस मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के हीरो संजू सैमसन और नमन धीर रहे. 'प्लेयर ऑफ द मैच' संजू ने 67 रन बनाकर जीत की नींव रही. वहीं नमन धीर ने सिर्फ 15 बॉल पर 42 रन जोड़ दिए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे. दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा.
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम का प्रदर्शन यूरोप दौरे पर निराशाजनक रहा था, जहां उसे आयरलैंड और इंग्लैंड के हाथों शर्मनाक हारें झेलनी पड़ी थीं. अब न्यूजीलैंड में भी भारत के लिए चुनौती आसान नहीं है.
रनचेज में भारतीय टीम की शुरुआत तूफानी रही. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच 5.5 ओवरों में 93 रनों की साझेदारी हुई. सैमसन ने 8 चौके और चार छक्के की मदद से 33 बॉल पर 67 रन बनाए. वहीं अभिषेक ने 12 बॉल पर 29 रनों का योगदान दिया, जिसमें 3 छक्के और दो चौके शामिल रहे. माइकल ब्रेसवेल ने अभिषेक को आउट कर ओपनिंग साझेदारी तोड़ी. वहीं कप्तान मिचेल सेंटनर ने सैमसन को चलता किया. ब्रेसवेल ने फिर तिलक वर्मा (6 रन) को आउट किया, जबकि सेंटनर की फिरकी में ईशान किशन (1 रन) फंस गए.
यहां से श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़कर भारत की वापसी कराई. अक्षर पटेल ने 24 रन बनाए और उनका विकेट लॉकी फर्ग्यूसन ने झटका. फिर श्रेयस ने नमन धीर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 22 बॉल 43 रन जोड़े. श्रेयस पारी के 19वें ओवर में एडम मिल्ने की पहली बॉल पर आउट हुए. श्रेयस ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 28 बॉल पर 42 रनों का योगदान दिया. यहां से नमन धीर और नीतीश रेड्डी ने भारत को जीत की मंजिल तक पहुंचाया.
मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 4 विकेट पर 225 रन बनाए. न्यूजीलैंड की शुरुआत शानदार रही. टिम सीफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की. मयंक यादव ने टिम सीफर्ट (24 रन) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया. फिन एलन खतरनाक दिख रहे थे और उन्हें अक्षर पटेल ने पवेलियन भेजा. एलन ने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 24 बॉल पर 45 रनों का योगदान दिया. डेरिल मिचेल (28 रन) भी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन अर्शदीप सिंह ने उनकी इनिंग्स का खात्मा कर दिया.
यहां से ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने चौथे विकेट के लिए 32 बॉल पर 73 रनों की साझेदारी की. अर्शदीप सिंह ने जैकब्स को रन आउट किया, जिसके चलते ये खतरनाक साझेदारी टूटी. जैकब्स ने 3 छक्के की मदद से 16 बॉल पर 31 रन बनाए. जैकब्स के आउट होने के बाद फिलिप्स ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली और न्यूजीलैंड को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. फिलिप्स ने 8 चौके और तीन छक्के की मदद से 40 बॉल पर नाबाद 82 रनों का योगदान दिया. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट झटके.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 क्रिकेट में कड़े मुकाबले देखने को मिले हैं. दोनों टीम्स के बीच अबतक 32 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. इस दौरान भारत ने 18 और न्यूजीलैंड ने 11 मुकाबले जीते. जबकि 3 मुकाबले टाई रहे हैं. इन तीन टाई मैचों में से दो में सुपर ओवर हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने बाजी मारी थी.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper