कलेक्ट्रेट हेल्प डेस्क का कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने किया आकस्मिक निरीक्षण
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। आवेदन प्राप्ति एवं अद्यतन जानकारी साझा करने की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सूचना पटल पर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज कलेक्ट्रेट भवन के प्रवेश द्वार पर संचालित हेल्प डेस्क का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां संपादित किए जा रहे कार्यों एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्ट्रेट के प्रवेश द्वार पर संचालित हेल्प डेस्क के माध्यम से आम नागरिकों से विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ संबंधित कार्यों एवं प्रक्रियाओं की अद्यतन जानकारी साझा करने का कार्य किया जा रहा है। हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं एवं आवेदनों को संबंधित शाखाओं तक पहुंचाने में सहायता प्रदान की जाती है।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने हेल्प डेस्क पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा वहां मौजूद अमले से संपादित किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि हेल्प डेस्क पर नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित रूप से प्रदर्शित की जाएं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने विशेष रूप से सूचना पटल पर आवश्यक जानकारी चस्पा कराने तथा हेल्प डेस्क पर तैनात अमले के नाम एवं संपर्क नंबर भी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सुविधा हो और वे संबंधित कर्मचारी से सीधे संपर्क कर सकें। उन्होंने हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं को नागरिक सुविधा केंद्रित बनाए रखने तथा प्राप्त आवेदनों एवं नागरिकों को दी जाने वाली जानकारी के कार्य में तत्परता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर सुश्री निकिता तिवारी सहित हेल्प डेस्क का अमला मौजूद रहा।
कलेक्टर ने ईवीएम गोडाउन का निरीक्षण किया
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंशुल गुप्ता ने आज बुधवार को राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में निर्धारित मासिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत विदिशा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम गोडाउन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोडाउन में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा अभिलेखों की जांच की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और प्रवेश-निकास व्यवस्था का भी जायजा लिया।

