कलेक्टर ने की स्कूली बच्चों के आधार अपडेशन, नामांकन, साइकिल एवं पुस्तक वितरण की समीक्षा

  • Share on :

 साहिल खान 
शहडोल। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने बुधवार को जिले में स्कूली बच्चों के आधार अपडेशन, नामांकन, साइकिल वितरण एवं पुस्तक वितरण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूली बच्चों के आधार अपडेशन के लिए स्कूलवार कार्यक्रम तैयार कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। साथ ही स्कूलों में अभी तक नामांकित नहीं हो पाए बच्चों का शीघ्र नामांकन सुनिश्चित करने तथा पात्र विद्यार्थियों को साइकिल एवं पुस्तकों का वितरण समय पर कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा की और मुख्य नगरपालिका अधिकारी खांड़ को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन पटवारियों के कार्यों की समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने जिले में रासायनिक उर्वरक के वितरण एवं व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने सहकारिता एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को रासायनिक उर्वरक का वितरण ई-विकास पोर्टल के माध्यम से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में रासायनिक उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वहीं संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शीघ्र सहायता राशि वितरित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, एसडीएम ब्योहारी सुश्री अर्चना मिश्रा, एसडीएम जैतपुर श्री दीपक मंडावी, डिप्टी कलेक्टर श्री भागीरथी लहरे, श्रीमती अन्तोनिआ एक्का, श्री अंकित ऊके सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper