कलेक्टर शिवम वर्मा शहर के नशे के अड्डों पर सख्त, युवाओं को बचाने के लिए नई पहल

  • Share on :

आदित्य शर्मा
इंदौर। जिला कलेक्टर शिवम वर्मा ने शहर में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीरता से लेते हुए कठोर रुख अपनाया है। युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय में शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय स्तर से लेकर उच्च कक्षाओं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा शिक्षण संस्थानों में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अब इस विषय में केवल चर्चा नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में “यारियां मित्र मंडल” के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए —
निःशुल्क दूरभाष क्रमांक १४४१६ जारी किया गया है। इस क्रमांक पर कोई भी नागरिक नशे से संबंधित सूचना अथवा सहायता के लिए संपर्क कर सकता है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित अनुश्रवण किया जाएगा, जिससे नशे की प्रवृत्ति पर सतत निगरानी बनी रहे।
परामर्शदाताओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जो विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
जिला चिकित्सालय में विशेष परामर्श कक्ष में उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सहायता के लिए दूरभाष क्रमांक ०७५५२८४०६२१ पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार पुलिस विभाग की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। अतः सभी नागरिकों, शिक्षण संस्थानों और अभिभावकों को मिलकर इस अभियान को सफल बनाना होगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि इंदौर को नशामुक्त और स्वस्थ युवा शक्ति वाला शहर बनाया जाए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper