केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश पर कार्यवाही, शहर की यातायात, बिजली और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए कलेक्टर श्री वर्मा ने की  समीक्षा

  • Share on :

व्यवस्थाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक
शिवपुरी जिला ब्यूरो हेमंत भार्गव
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देशों के बाद शिवपुरी शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शहरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से स्ट्रीट लाइट, यातायात और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। इसी सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका शिवपुरी के सीएमओ सहित अन्य प्रमुख अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।
बैठक में शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा,जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए।

 स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश
शिवपुरी शहर के मुख्य चौराहों और विभिन्न वार्डों में अंधेरे की समस्या को दूर करने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। कलेक्टर श्री वर्मा ने नगर पालिका सीएमओ को कड़े निर्देश दिए हैं कि जहां लाइट्स खराब हैं उन्हें तत्काल बदला जाए। जितनी भी स्ट्रीट लाइटों की आवश्यकता है, उतनी खरीदी कर चिन्हित स्थानों पर लाइट लगाई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि स्ट्रीट लाइट से जुड़े किसी भी प्रकार के भुगतान लंबित न रखे जाएं

 स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर सख्त निर्देश
शहर में जगह-जगह लग रहे कचरे के ढेरों पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्वच्छता प्रभारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर से कचरा एकत्रित करने के लिए वाहन लगातार और नियमित रूप से हर गली-मोहल्ले में जाने चाहिए। स्वच्छता प्रभारी की यह जिम्मेदारी होगी कि व इसकी कड़ी मॉनिटरिंग करें ताकि शहर में कहीं भी कचरा  न दिखाई दे। खराब वाहनों को तुरंत सुधरवाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में यह बात भी सामने आई कि नगर पालिका के कई वाहन खराब हालत में  हैं, जिससे कचरा उठाने और अन्य सफाई कार्यों में बाधा आ रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने वाहन प्रभारी को तत्काल प्रभाव से सभी खराब वाहनों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रशासनिक काम-काज में कोई रुकावट न आए।

 यातायात प्रबंधन के निर्देश
 बैठक में शहर में यातायात प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने यातायात प्रभारी और नगर पालिका सीएमओ को सख्त हिदायत दी है। शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रहनी चाहिए। प्रमुख मार्ग, बाजार आदि में दुकानों के बाहर स्टॉल और अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों को समझाइश दें और कार्यवाही भी करें ताकि आमजन के लिए आवागमन सुगम हो।

सड़क मरम्मत के निर्देश
शहर के प्रमुख मार्ग और वार्ड में जहां सड़कों की मरम्मत की आवश्यकता है उसके लिए नगर पालिका द्वारा तत्काल काम शुरू किया जाए और सड़कों की मरम्मत की जाए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper