कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में ₹993 की भारी बढ़ोतरी, 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमतें भी आसमान पर
नई दिल्ली। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी के बाद एक बुरी खबर 5 किलो वाले सिलेंडर के लिए है। एएनआई के अनुसार 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमतों में भी आज से 261 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर रेस्टोरेंट, होटल, बेकरी और अन्य छोटे-बड़े बिजनेस पर पड़ेगा। वहीं, घरेलू LPG सिलेंडर (14.2 किग्रा) के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे करीब 33 करोड़ परिवारों को राहत मिली है। नए रेट के अनुसार दिल्ली में 19 किग्रा का कॉमर्शियल सिलेंडर 993 रुपए महंगा होकर इसकी कीमत ₹3,071.50 हो गई है। 5 किलो का FTL (फ्री ट्रेड LPG) सिलेंडर 261 रुपए की बढ़ोतरी के साथ 1754.5 रुपये का हो गया है। यह कीमत तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। रेट में बदलाव विशेष रूप से बिजनेस और थोक LPG कैटेगरी के लिए है, जो देश की कुल LPG खपत का एक छोटा सा हिस्सा हैं। सरकार ने महंगाई से बचाने के लिए घरेलू सिलेंडर पर सब्सिडी जारी रखी है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करती हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

