आयुक्त का सख्त एक्शन: 5 झोन में सफाई निरीक्षण, शौचालय पर 10 हजार रूपए का जुर्माना
आदित्य शर्मा
इंदौर। शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने झोन 18, 22, 10, 13 और 15 में सघन निरीक्षण किया। लापरवाही मिलने पर कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई।
तीन इमली बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय में गंदगी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी पर 10 हजार रूपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं डस्टबिन नहीं रखने पर दो दुकानों पर 1-1 हजार रूपए का स्पॉट फाइन भी लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कचरा मिलने पर संबंधित दरोगाओं के एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। चौइथराम सब्जी मंडी क्षेत्र में खराब सफाई व्यवस्था मिलने पर स्वास्थ्य निरीक्षक को नोटिस जारी किया गया।
आयुक्त ने सभी क्षेत्रों में नियमित सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था और दुकानों पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश दिए।

