वर्षा ऋतु के पूर्व तालाबों की चिंता, आयुक्त ने किया निरीक्षण
लिंबोदी, बिलावली, सिरपुर तालाब एवं चैनलों का जायजा
गहराईकरण और सफाई कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश
इंदौर। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने वर्षा ऋतु के पूर्व शहर के प्रमुख तालाबों की तैयारियों का जायजा लेते हुए लिंबोदी, बिलावली एवं सिरपुर तालाब के साथ ही इनसे जुड़े चैनलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत चल रहे तालाब गहरीकरण एवं अन्य विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्षा से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण होना सुनिश्चित किया जाए, ताकि तालाबों में पर्याप्त जल संचय हो सके।
लिंबोदी तालाब में गहरीकरण कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, वहीं बिलावली तालाब पर चल रहे विकास कार्य—जैसे पाल पर पाथवे, रेलिंग एवं लाइटिंग—को निर्धारित समय में पूर्ण करने को कहा गया।
आयुक्त ने दोनों तालाबों को भरने वाली चैनलों का भी निरीक्षण कर उनकी सफाई और मिट्टी हटाने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का प्रवाह बिना अवरोध के हो सके।
इसके पश्चात सिरपुर तालाब में चल रहे जलकुंभी हटाने एवं सफाई कार्यों का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने जलकुंभी हटाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री आशीष पाठक, अधीक्षण यंत्री श्री अश्विन जनवदे, प्रभारी वर्कशॉप श्री मनीष पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

