कांग्रेस ने बुधनी विधानसभा सीट से विक्रम मस्ताल को बनाया उम्मीदवार, शिवराज सिंह के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव

  • Share on :

भोपाल। मध्य प्रदेश चुनावों को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस ने 144 कैंडिडेट के नाम का ऐलान किया है। इसमें कई बड़े नाम भी शामिल हैं। कांग्रेस ने बुधनी विधानसभा सीट पर मध्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ रामायण के हनुमान को कैंडिडेट बनाया है। इस लिस्ट में कमलनाथ समेत एमपी कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेताओं का नाम शामिल है।
कांग्रेस ने सुबह-सुबह अपने 144 कैंडिडेट की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस ने बुधनी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के खिलाफ रामायण के हनुमान को उतारा है। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम मास्ताल को बनाया गया है। विक्रम मास्ताल ने 2008 में आई रामायण में हनुमान का किरदार निभाया था। विक्रम मास्ताल एक अभिनेता हैं जो फिल्मों में काम कर रहे हैं। अब कांग्रेस ने मध्य प्रदेश भाजपा के सबसे बड़े नेता के सामने 'हनुमान' यानी कि विक्रम मास्ताल को उतार दिया है।
2008 में आई रामायण में भगवान हनुमान का किरदार निभाने वाले विक्रम मास्ताल तीन महीने पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए थे। विक्रम मास्ताल बुधनी के ही रहने वाले हैं। कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ के सामने कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद से ही बुधनी में सक्रिय हो गए थे। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद विक्रम मास्ताल ने कहा था कि हनुमान का असली काम सेवा करना है। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद उन्होंने कमलनाथ और कांग्रेस की जमकर तारीफ की थी। बता दें कि विक्रम मास्ताल ने रामायण के अलावा टीवी सीरियल रजिय सुल्तान और हाल ही में आई  वेब सिरीज आश्रम 3 में भी नजर आए थे।
कांग्रेस की 144 कैंडिडेट लिस्ट में बुधनी विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री के खिलाफ अभिनेता विक्रम मास्ताल के अलावा छिंदवाड़ा से कमलनाथ को टिकट दिया गया है। इसी तरह इंदौर-1 से कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेस ने संजय शुक्ला को कैंडिडेट बनाया है। राऊ से जीतू पटवारी और मध्य भोपाल से आरिफ मसूद को टिकट दिया गया है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह को राघोगढ़ विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
बता दें कि बीते सोमवार को चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया था। इन चुनावों की तारीखों का ऐलान करते हुए चुनाव आयोग ने बताया था कि 17 नवंबर को एमपी में मतदान करवाया जाएगा।
इससे पहले मध्य प्रदेश के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने कैंडिडेट्स की चार लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा की इस लिस्ट में 136 कैंडिडेट्स के नाम का ऐलान किया गया है। लिस्ट में भाजपा ने कई दिग्गजों को भी मैदान में उतारा है। इसमें 3 केंद्रीय मंत्रियों सहित सात सांसद भाजपा से मैदान में हैं। 
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper