"बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की साजिश": राजनाथ सिंह का राहुल गांधी और कांग्रेस पर बड़ा हमला
नई दिल्ली। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और सांसद राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि ये लोग बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि इनका एकमात्र एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म करना और देश में आग लगाना है। खास बात है कि उनका बयान ऐसे समय पर आया है, जब दिल्ली में कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा, 'देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है। ये लोग बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन कराना चाहते हैं और प्रेस कांफ्रेंस में खुलकर कहते हैं कि उसने शासन बदलने के लिए बांग्लादेश से प्रेरणा ली है और दूसरा डंके की चोट पर सरकार को गिराने की बात करता है।'
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रक्षा मंत्री ने कहा, 'रिजीम चेंज जैसे शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। इससे स्पष्ट हो जाता है कि ये उनकी लड़ाई चुनाव सुधार के लिए नहीं है, उनकी लड़ाई एसआईआर के लिए नहीं है। उनकी लड़ाई ज्ञानेश कुमार के लिए नहीं है। उनकी लड़ाई देश के नौजवानों के उज्जवल भविष्य के लिए नहीं है, बल्कि देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की उनकी यह साजिश है।'
सिंह ने कहा, 'जब राजनीतिक स्वार्थ को सत्य और राष्ट्रहित से ऊपर रखा जाता है, तो लोकतांत्रिक विमर्श तथ्यों और तर्कों की बजाय दुराग्रहों और दुष्प्रचार का शिकार हो जाता है। राहुल गांधी और उनके साथियों को यह समझना होगा कि लोकतंत्र, अराजकता फैलाने, संवैधानिक संस्थाओं पर चोट करने या भारत की विकास यात्रा में बाधा डालने का लाइसेंस नहीं है और सर्वोच्च न्यायालय की कल की गई टिप्पणी भी इसी ओर एक संकेत है।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान

