महिलाओं को भेजकर रेप केस में फंसाने की साजिश! विधायक प्रीतम लोधी का गंभीर आरोप

  • Share on :

विरोधियों पर लगाया षड्यंत्र रचने का आरोप, बोले—पहले महिलाओं से विवाद कराया जाता है, फिर वीडियो बनाकर 376 में फंसाने की कोशिश
अतुल जैन 
खनियांधाना। पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने अपने विरोधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्हें दुष्कर्म के मामले में फंसाने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। विधायक के अनुसार, विरोधियों द्वारा महिलाओं को उनके पास भेजकर पहले बहस या विवाद कराने का प्रयास किया जाता है और इसके बाद पूरी बातचीत या घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कराया जाता है। उनका आरोप है कि इसी वीडियो को आधार बनाकर उनके खिलाफ दुष्कर्म की धारा में मामला दर्ज कराने की साजिश रची जा रही है।

(डाकबंगले में महिलाओं को भेजने का लगाया आरोप)

20 अगस्त को पाल-बघेल समाज के आक्रोश आंदोलन में शामिल हुए विधायक लोधी ने मंच से आरोप लगाया कि उनके विरोधी सीधे उनके सामने आने के बजाय पिछोर के डाकबंगले में महिलाओं को भेजते हैं। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को इस तरह उकसाया जाता है कि वे उनसे बहस करें और उनकी कोई प्रतिक्रिया रिकॉर्ड हो सके विधायक ने आरोप लगाया कि ऐसी महिलाओं के आसपास एक व्यक्ति मोबाइल लेकर मौजूद रहता है, जो बातचीत अथवा विवाद का वीडियो बनाता है। लोधी के मुताबिक, महिलाओं के व्यवहार से उन्हें कई बार किसी साजिश का अंदेशा हुआ।

(बेटे राकेश लोधी को भी फंसाने का दावा)

विधायक ने अपने बेटे राकेश लोधी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विरोधी उनके बेटे को भी इसी तरह फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बेटे सहित अपने समर्थकों को ऐसे मामलों में सतर्क रहने की सलाह दी। लोधी ने यह भी दावा किया कि डाकबंगले पर पहुंची एक महिला ने कथित तौर पर उन्हें इस पूरी साजिश के बारे में जानकारी दी थी।

+अहिल्याबाई की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के विरोध में हुआ था आंदोलन)

दरअसल, 14 अगस्त की रात खनियाधाना में अहिल्याबाई की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद पाल-बघेल समाज में आक्रोश व्याप्त है। इसी घटना के विरोध में 20 अगस्त को समाज की ओर से आक्रोश आंदोलन आयोजित किया गया था। विधायक प्रीतम लोधी भी आंदोलन में शामिल हुए और मंच से समाज को संबोधित किया। इसी दौरान उन्होंने अपने विरोधियों पर लगाए जा रहे कथित षड्यंत्र और उन्हें फंसाने की कोशिशों को लेकर ये गंभीर आरोप लगाए।

हालांकि, विधायक द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरोपों को लेकर संबंधित पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper