रहवासी क्षेत्र में बने हॉस्टल पर निगम का बुलडोजर, अवैध निर्माण हटाया
आदित्य शर्मा
इंदौर। नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देश पर बुधवार को जोन क्रमांक-12 अंतर्गत खातीवाला टैंक क्षेत्र में आवासीय अनुमति के विपरीत बनाए गए हॉस्टल के अवैध हिस्सों पर रिमूवल कार्रवाई की गई।
भवन अधिकारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह उद्यान के पास स्थित 218, खातीवाला टैंक पर आवासीय स्वीकृति के बावजूद व्यावसायिक उपयोग के लिए हॉस्टल का निर्माण किया गया था। शिकायत मिलने पर आयुक्त के निर्देशानुसार जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि परिसर में 12 से 13 कमरों का हॉस्टल बनाया गया है। साथ ही भवन के फ्रंट, साइड, बैक सेटबैक (एमओएस) और फुटपाथ पर भी अवैध निर्माण किया गया था।
इसके बाद नगर निगम के रिमूवल विभाग ने जोन-12 में कार्रवाई करते हुए हॉस्टल के फ्रंट, साइड सेटबैक (एमओएस) तथा फुटपाथ पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया।
कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी राहुल रघुवंशी, भवन निरीक्षक अनुभूति मडावी तथा रिमूवल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

