शासकीय विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में निगम की पहल, पुरवार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवीन भवन निर्माण शीघ्र

  • Share on :

निगमायुक्त ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर शिक्षकों से की चर्चा, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप ड्राइंग-डिजाइन में दिए आवश्यक निर्देश
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी । नगरीय क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा निरंतर विकास एवं सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुरवार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिविल लाइन कटनी में 1 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नवीन भवन के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण कार्य की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान निगमायुक्त ने स्वयं टेप पकड़कर कई स्थलों की माप कर नक्शे से स्थल का मिलान भी किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों से चर्चा करते हुए विद्यालय की वर्तमान आवश्यकताओं, विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा भवन के उपयोग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली गई। इस दौरान निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, शाला प्राचार्य दिनेश कुमार तिवारी सहित शाला शिक्षकों की मौजूदगी रही।
निगमायुक्त ने शिक्षकों से प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्तावित नवीन भवन की ड्राइंग एवं डिजाइन का मौके पर अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि भवन का निर्माण केवल एक भौतिक संरचना के रूप में न होकर विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने वाला उपयोगी एवं सुविधायुक्त परिसर बन सके।
निगम प्रशासन का उद्देश्य नगरीय सीमा में संचालित शासकीय विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत, रखरखाव एवं अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कर विद्यार्थियों के पठन-पाठन के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। विद्यालयों की आवश्यकताओं के अनुरूप किए जा रहे ये विकास कार्य शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निगम प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper