यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, तीन दिन में 78 हजार 600 रुपये समन शुल्क वसूला
8 अक्टूबर तक जारी रहेगा विशेष यातायात अभियान
साहिल खान
शहडोल। 2026। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 28 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान 8 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों की जांच कर हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, शराब के नशे में वाहन चलाने, बिना बीमा सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
यातायात प्रभारी अमित विश्वकर्मा के अनुसार 28 से 30 सितंबर तक चले अभियान के शुरुआती तीन दिनों में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 73 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर 21 हजार 900 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले 35 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना बीमा वाहन संचालित करने सहित अन्य मामलों में भी चालानी कार्रवाई की गई। तीन दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 78 हजार 600 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई के साथ-साथ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी जा रही है। इसके साथ ही लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई जा रही है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए करें। विशेष यातायात अभियान 8 अक्टूबर तक जारी रहेगा और इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ यातायात सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता भी जारी रहेगी।

