सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद रास्ता साफ: थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून में आज जलेगा कार्तिगई दीपम
नई दिल्ली. तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार यानी आज कार्तिगई दीपम का दीप जलाया जाएगा. सुप्रीम कोर्ट के शुक्रवार के आदेश के बाद दीपथून में दीप जलाने का रास्ता साफ हुआ है. कोर्ट ने 20 नवंबर के अपने आदेश का पालन नहीं होने पर तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार लगाई और अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू की है.
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस और 13 अन्य लोगों को अवमानना का नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने कहा कि उसके आदेश का जानबूझकर पालन नहीं किए जाने को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही.
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट के 6 जनवरी के फैसले में की गई टिप्पणियों पर रोक लगाते हुए थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून में पारंपरिक दीप जलाने का निर्देश दिया था. इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान मदुरै के कलेक्टर की ओर से कोर्ट को भरोसा दिया गया था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा. लेकिन 24 नवंबर को दीप सिर्फ उचीपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया और दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मंदिर के ट्रस्ट ने 24 नवंबर के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले एक प्रस्ताव पारित किया था. इसमें कहा गया था कि दीप सिर्फ उचीपिल्लैयार मंडपम में ही जलाया जाएगा. कोर्ट ने कहा कि यह प्रस्ताव और दीपथून में दीप नहीं जलाया जाना प्रथम दृष्टया कोर्ट के आदेश और हाई कोर्ट में दिए गए भरोसे की अनदेखी दिखाता है.
साभार आज तक

