दिल्ली: सीलमपुर थाने के ठीक सामने पार्क में 21 साल के युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर
दिल्ली. दिल्ली में एक अपराध की एक घटना ने इलाके में हलचल मचा दी है. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में पुलिस स्टेशन के ठीक सामने स्थित सेंट्रल पार्क में 21 साल के युवक पर चाकू से कई वार किए गए. हमले में सुभान गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक घटना सीलमपुर पुलिस स्टेशन के सामने स्थित सेंट्रल पार्क की है. यहां 21 साल के सुभान पर किसी ने चाकू से कई बार हमला किया. वारदात में वह बुरी तरह घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में उसका इलाज जारी है. वहीं एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि यहां पर बच्चों के आपसी झगड़े में रोज लड़ाई होती रहती है. सुभान पर भी आपसी लड़ाई के चलते ही हमला किया गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया. दोनों टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू की, ताकि हमले से जुड़े अहम सुराग मिल सकें.
साभार आज तक

