दिल्ली कैपिटल्स की पंजाब पर धमाकेदार जीत: अक्षर और मिलर के तूफान में उड़े किंग्स, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार
धर्मशाला। मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी की घातक गेंदबाजी के बाद अक्षर पटेल और डेविड मिलर की तूफानी अर्धशतकीय पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हरा दिया। सोमवार को धर्मशाला में खेले गए आईपीएल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने प्रियांश आर्या (56) और श्रेयस अय्यर (59*) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19 ओवर में सात विकेट पर 216 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंजाब के लिए अर्शदीप और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए जबकि बेन ड्वार्शुइस और मार्कस स्टोइनिस के नाम एक-एक विकेट रहा।
दिल्ली का यह आईपीएल में किसी टीम के खिलाफ दूसरे सबसे बड़ा सफल रनचेज है। इससे पहले टीम ने जयपुर में राजस्थान के खिलाफ 226 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था। वहीं, पंजाब के नाम अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया। पंजाब किंग्स आईपीएल की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसके नाम 200 से ज्यादा स्कोर का बचाव करते हुए सबसे ज्यादा शिकस्त दर्ज हैं। टीम ने नौ मुकाबले गंवाए हैं जबकि आरसीबी (सात), चेन्नई (छह) और कोलकाता (पांच) क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
12 में से पांच मुकाबले जीतकर दिल्ली सातवें स्थान पर पहुंच गई है। उनके खाते में 10 अंक हो गए हैं और नेट रन रेट -0.993 है। उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें अभी जीवित हैं। वहीं, पंजाब किंग्स 13 अंक और +0.428 नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर है। शीर्ष पर आरसीबी है जबकि हैदराबाद और गुजरात क्रमश: दूसरे और तीसरे पायदान पर है।
पंजाब को प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 6.5 ओवरों में 78 रन जुटाए। प्रभसिमरन 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि प्रियांश ने 33 गेंदों में छह छक्कों और दो चौकों के साथ 56 रन की पारी खेली। इस टीम ने 97 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कूपर कोनोली ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रन की साझेदारी की। कूपर 27 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान श्रेयस 36 गेंदों में तीन छक्कों और पांच चौकों के साथ 59 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शेडगे ने आठ गेंदों में 21 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने दो-दो विकेट निकाले। मुकेश कुमार को एक विकेट हाथ लगा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने 33 के स्कोर तक अपने तीन विकेट खो दिए थे। यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तान अक्षर पटेल के साथ चौथे विकेट के लिए 23 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। ट्रिस्टन स्टब्स 17 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अक्षर ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों में 64 रन जोड़कर टीम को 138 के स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान अक्षर 30 गेंदों में दो छक्कों और आठ चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए। यहां से डेविड मिलर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 28 गेंदों में चार छक्कों और तीन चौकों के साथ 51 रन बनाए, जबकि आशुतोष ने 10 गेंदों में 24 रन की तूफानी पारी खेली। विपक्षी खेमे से अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट हासिल किए। बेन ड्वार्शुइस और मार्कस स्टोइनिस ने एक-एक विकेट निकाला।
साभार अमर उजाला

