दिल्ली ने रचा इतिहास: राजस्थान के खिलाफ हासिल किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य, राहुल और निसांका चमके
जयपुर। मिचेल स्टार्क की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन और पथुम निसांका तथा केएल राहुल की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुक्रवार को सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने रियान पराग की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 225 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने पथुम निसांका और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 226 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दिल्ली की टीम आईपीएल में पहली बार 220 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही। इससे पहले टीम ने 2025 में लखनऊ के खिलाफ 210 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। वहीं, राजस्थान के खिलाफ सबसे ज्यादा रनों के लक्ष्य को हासिल करने वाली दिल्ली दूसरी टीम बन गई। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने 229 रन बनाकर राजस्थान को मात दी थी। जयपुर में यह राजस्थान की सात मैचों में से छठी हार है।
दिल्ली इस जीत के साथ अंक तालिका में छठे पायदान पर है। नौ में से चार मुकाबले जीत चुकी अक्षर पटेल की टीम के खाते में आठ अंक हैं लेकिन उनका नेट रन रेट खराब है। वहीं, राजस्थान इस मुकाबले में शिकस्त के बावजूद चौथे पायदान पर बनी हुई है। उनके खाते में 12 अंक और +0.510 का नेट रन रेट है। शीर्ष पर पंजाब किंग्स का दबदबा है जबकि आरसीबी और हैदराबाद दूसरे और तीसरे स्थान पर है।
226 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को पथुम निसांका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 9.3 ओवरों में 110 रन की साझेदारी की। निसांका 33 गेंदों में तीन छक्कों और छह चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए।
यहां से केएल राहुल ने नीतीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की। नितीश 17 गेंदों में 2 छक्कों और तीन चौकों के साथ 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुछ देर बाद टीम ने केएल राहुल का विकेट भी खो दिया, जो 40 गेंदों में पांच छक्कों और छह चौकों के साथ 75 रन बनाकर आउट हुए।
इस टीम ने 15.2 ओवरों में 177 के स्कोर तक अपने तीन विकेट खो दिए थे। यहां से आशुतोष शर्मा ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 23 गेंदों में 49 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। स्टब्स 18 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि आशुतोष ने 25 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले यशस्वी जायसवाल (6) तीसरी गेंद पर अपना कैच गेंदबाज मिचेल स्टार्क को थमा बैठे। अगले ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट भी खो दिया, जो महज एक चौका लगाकर पवेलियन लौट गए। टीम ने 1.5 ओवरों तक 12 के स्कोर पर अपने दो विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 102 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 114 के स्कोर तक पहुंचा दिया। जुरेल 30 गेंदों में एक छक्का और चार चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यहां से रियान पराग ने रवींद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 28 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। जडेजा 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान पराग ने 50 गेंदों में पांच छक्कों और आठ चौकों के साथ 90 रन की पारी खेली।
डोनोवन फरेरा ने शुभम दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 15 गेंदों में 40 रन जुटाकर आरआर को 200 के पार पहुंचाया। फरेरा 14 गेंदों में छह छक्कों और दो चौकों के साथ 47 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की तरफ से मिचेल स्टार्क ने 40 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि काइल जैमीसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
साभार अमर उजाला

