सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस का समन, राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच दफ्तर में होगी पूछताछ
नई दिल्ली. सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों को समन जारी किया है. पुलिस ने दोनों को अपने बयान दर्ज कराने के लिए आज क्राइम ब्रांच के सामने पेश होने का निर्देश दिया है.
दोनों को आज राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में दोपहर 12 बजे उपस्थित होना होगा जहां उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे. इस कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं.
इससे पहले, बुधवार को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों नेताओं को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानत बॉन्ड पर तिहाड़ जेल से रिहा करने का आदेश दिया था. कोर्ट में दोनों नेताओं ने लिखित में हलफनामा दिया कि जब तक जंतर-मंतर का क्षेत्र डी-नोटिफाई रहेगा, वे वहां न तो शांति भंग करेंगे और न ही किसी प्रदर्शन का आह्वान करेंगे.
दिल्ली पुलिस ने उनकी न्यायिक हिरासत 3 दिन और बढ़ाने की मांग की थी. पुलिस ने यह तर्क दिया था कि उनके बयानों में विरोधाभास है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है. हालांकि, उनके वकील द्वारा बिना शर्त माफी मांगने और दिए गए आश्वासनों को देखते हुए मजिस्ट्रेट ने आगे हिरासत की जरूरत को खारिज कर दिया. मामले की अगली सुनवाई 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है.
साभार आज तक

