अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली का 'कैपिटल' शो: राजस्थान का किला ढहाया, अक्षर और आशुतोष की तूफानी पारी से जीती दिल्ली

  • Share on :

नई दिल्ली। मिचेल स्टार्क की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद अभिषेक पोरेल और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हरा दिया। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने ध्रुव जुरेल और रियान पराग की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 193 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 197 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। आखिर में आशुतोष शर्मा ने उपयोगी पारी खेली। वह पांच गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। अक्षर पटेल भी 18 गेंदों में 34 रन बनाकर अंत तक क्रीज पर डटे रहे। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट लिए जबकि दसुन शनाका ने एक सफलता अपने नाम की।
राजस्थान पर जीत के साथ दिल्ली ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है। अब टीम की नजरें अपना बाकी बचा एक मुकाबला जीतने पर होंगी। यह मैच 24 मई (रविवार) को कोलकाता में केकेआर के खिलाफ खेला जाएगा। वहीं, अक्षर पटेल के नेतृत्व वाली टीम ने एक स्थान लगाकर अंक तालिका में सातवां स्थान हासिल कर लिया। 13 में से छह मुकाबले जीत चुकी दिल्ली के खाते में अब 12 अंक और -0.871 नेट रन रेट हो गया है। वहीं, दिल्ली की जीत ने चेन्नई को भी फायदा पहुंचाया है। दरअसल, राजस्थान रॉयल्स छठ स्थान पर खिसक गई है जबकि चेन्नई पांचवें पायदान पर पहुंच गई। दोनों टीमों के खाते में 12-12 अंक हैं और नेट रन रेट भी +0.027 ही है। इससे पहले रविवार को ही दिन में खेले गए आईपीएल मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब को हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। 
राजस्थान की शुरुआत इस मैच में खराब हुई थी। टीम को 19 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (12) के रूप में बड़ा झटका लगा, लेकिन इसके बाद ध्रुव जुरेल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 70 रन की साझेदारी करते हुए स्थिति को संभाला। सूर्यवंशी 21 गेंदों में तीन छक्कों और पांच चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए, जहां से ध्रुव ने कप्तान रियान पराग के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 72 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
ध्रुव जुरेल 40 गेंदों में दो छक्कों और पांच चौकों के साथ 53 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रियान ने 26 गेंदों में पांच छक्कों और तीन चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से मिचेल स्टार्क ने सर्वाधिक चार विकेट निकाले। लुंगी एनगिडी और माधव तिवारी ने दो-दो सफलताएं अपने नाम कीं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को अभिषेक पोरेल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 61 गेंदों में 105 रन की साझेदारी की। अभिषेक 31 गेंदों में  51 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद केएल राहुल ने पारी को संभाला। राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
दिल्ली ने 122 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला। कप्तान ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को चार गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। अक्षर 18 गेंदों में दो छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि आशुतोष ने पांच गेंदों में 18 रन की नाबाद पारी खेली। मेहमान खेमे से जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि दसुन शनाका ने एक विकेट निकाला।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper