आज से पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना

  • Share on :

नई दिल्ली।  देश के पूर्वी हिस्सों में चक्रवात मिचौंग का व्यापक प्रभाव देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर हल्की से भारी बारिश हुई है। तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के बाद चक्रवात कमजोर होकर एक दबाव क्षेत्र में बदल गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी इसके कारण अच्छी बारिश हुई है। देश के कई इलाकों में आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।
वहीं, बांग्लादेश के पूर्वी हिस्सों और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। देश के पूर्वी हिस्सों से बारिश की गतिविधियां काफी कम हो जाएंगी, लेकिन पूर्वोत्तर भारत में अगले 24 से 48 घंटों तक बारिश जारी रह सकती है। आपको बता दें कि अगले 8 से 10 दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का एक और दौर आने की उम्मीद नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा।
9 दिसंबर से पूर्वी भारत में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान देश के पूर्वी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आज से पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा, 10 दिसंबर को बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
आईएमडी ने बताया है कि अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2-4 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट होने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।
अगले 4-5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper