प्राथमिक स्कूल की लापरवाही पर विभाग सख्त, वेतनवृद्धि रोकी

  • Share on :

पत्रकार_ महेंद्र मिश्रा 
रणजीत टाइम्स करेरा
करैरा। शासकीय प्राथमिक विद्यालय बम्हारी में निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं और लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने अनुशासन का चाबुक चलाते हुए संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। विद्यालय के प्रभारी एवं प्राथमिक शिक्षक रामकिशन लोधी की दो वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने की लघु शास्ति अधिरोपित की गई है। वहीं शैलेन्द्र सिंह यादव, रमेश जाटव एवं हेमलता शंखवार की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जुलाई 2026 को विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसीसी करैरा द्वारा शासकीय प्राथमिक विद्यालय बम्हारी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विभिन्न अनियमितताएं एवं कार्य के प्रति लापरवाही सामने आने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया।
इसी क्रम में कार्यालयीन पत्र क्रमांक निरीक्षण/2026/4947, शिवपुरी, दिनांक 23 जुलाई 2026 के माध्यम से विद्यालय के प्रभारी शिक्षक रामकिशन लोधी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। संबंधित द्वारा प्रस्तुत प्रतिवाद का विभागीय स्तर पर परीक्षण किया गया, लेकिन जवाब को समाधानकारक नहीं माना गया।
इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 के तहत कार्रवाई करते हुए रामकिशन लोधी की दो वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया गया। साथ ही अन्य संबंधित शिक्षकों की भी एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई।
आदेश की प्रतियां कलेक्टर शिवपुरी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत शिवपुरी को सूचनार्थ भेजी गई हैं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी करैरा को संबंधित शिक्षक को आदेश की तामील कराकर पावती प्रस्तुत करने तथा संकुल प्राचार्य को सेवापुस्तिका में आदेश का इन्द्राज कर प्रमाणित प्रति कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बीआरसीसी करैरा को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि विद्यालयों में शैक्षणिक दायित्वों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लापरवाही को अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। आकस्मिक निरीक्षण से लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई तक विभाग की सख्ती ने जिम्मेदारों को अपनी कार्यप्रणाली के प्रति सजग रहने का संदेश दिया है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper