देसी मसाला रेस्टोरेंट का पंजीयन निलंबित, खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए 22 नमूने
मानपुर में 10 और गणेश नगर की डेयरियों से 5 नमूने संग्रहित, चलित लैब से 25 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर नियंत्रण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की। इस दौरान रेस कोर्स रोड स्थित सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के देसी मसाला रेस्टोरेंट का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा मानपुर, गणेश नगर, नौलखा और ट्रेजर आइलैंड मॉल स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, देसी मसाला रेस्टोरेंट, 39 रेस कोर्स रोड का 11 सितंबर 2026 को निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में कमियों का संतोषजनक निराकरण नहीं किए जाने तथा प्रस्तुत जवाब एवं दस्तावेजों में खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर पंजीयन प्राधिकारी मनोज कुमार रघुवंशी ने 15 अक्टूबर को प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि में प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
मानपुर में किराना दुकानों से 10 नमूने लिए
16 अक्टूबर को तहसील महू के मानपुर क्षेत्र में विभिन्न किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खुले में धनिया, मिर्च और हल्दी की बिक्री होती पाई गई। विभाग ने संबंधित व्यापारियों को खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पैक्ड खाद्य पदार्थों का विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुरेश चंद एवं ब्रदर्स किराना दुकान से नमकीन, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और गुलाब जामुन मिक्स के चार नमूने लिए गए। माहेश्वरी किराना से गुलाब जामुन मिक्स, खड़ा मसाला, चाय और अजवाइन के चार नमूने तथा राजेश किराना, सदर बाजार मानपुर से घी और स्वामीनारायण आटा के दो नमूने संग्रहित किए गए। कुल 10 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं।
गणेश नगर की डेयरियों और नौलखा में जांच
गणेश नगर स्थित सांवरिया डेयरी से दूध, घी और पनीर के नमूने लिए गए, जबकि श्री डेयरी से घी तथा कृष्णा डेयरी से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। तीनों प्रतिष्ठानों से कुल पांच नमूने लिए गए हैं।
इसी प्रकार नौलखा स्थित नेचुरल मेवा प्रतिष्ठान से बादाम और काजू के नमूने संग्रहित कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट में मिलीं कमियां
15 अक्टूबर को ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट स्थित सुरुचि फूड्स चटोरी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान साफ-सफाई संबंधी कमियां मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रतिष्ठान से विभिन्न खाद्य पदार्थों के पांच नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चलित प्रयोगशाला से 25 नमूनों की त्वरित जांच
मानपुर क्षेत्र में विभाग की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से हल्दी, मिर्च, धनिया, तेल और खड़े मसालों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 25 नमूनों की मौके पर त्वरित जांच की गई। इसका उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मिलावट की प्रारंभिक पहचान के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराना था।
विद्यार्थियों और आमजन को खाद्य सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर द्वारा श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, आमजन और द वेल्वेट कोटयार्ड के कर्मचारियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यशाला में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सुरक्षित खान-पान, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, स्वच्छता और भोजन तैयार करने के सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में दूध, तेल, मसाले और मिठाइयों में होने वाली मिलावट, उसकी प्रारंभिक पहचान तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया गया।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ‘हर लेबल कुछ कहता है’ पहल के अंतर्गत पैक्ड खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ने और समझने के महत्व पर जोर दिया गया। लोगों को खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, सामग्री विवरण और पोषण संबंधी जानकारी की जांच करने के लिए प्रेरित किया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर नियंत्रण रखने और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।

