जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अन्नपूर्णा तालाब का विकास
आदित्य शर्मा
इंदौर। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के अवसर पर अन्नपूर्णा तालाब में जलाशय पूजन एवं तालाब विकास कार्यों का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव और विधायक श्री मधु वर्मा ने अन्नपूर्णा तालाब में गंगा दशमी पर जलाशय पूजन कर 1.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों और छठ पूजा घाट निर्माण का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
मंत्री श्री सिलावट ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जल का उत्पादन नहीं, केवल संरक्षण और प्रबंधन संभव है। महापौर श्री भार्गव ने वर्षा जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और प्रत्येक शुक्रवार “नो कार डे” अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि बढ़ती आबादी के साथ जल की मांग बढ़ी है, इसलिए जल संरक्षण भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

