बाइक की टक्कर के बाद विवाद, इलाज के दौरान युवक की मौत
मुसाखेड़ी में ब्रिज निर्माण के चलते ट्रैफिक जाम के बीच हुआ विवाद; तीन आरोपी गिरफ्तार
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र के मुसाखेड़ी में बाइक की टक्कर को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मारपीट में घायल शिवांश नामक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने सुमित राठौर, दीपक मीणा और सिमोन मसीह को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक मुसाखेड़ी क्षेत्र में ब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है और आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इसी दौरान दो बाइक सवारों के बीच कट लगने को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई। घटना में शिवांश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
वहीं घटना को लेकर अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में भी प्रतिनिधिमंडल ने कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान प्रशांत चौहान, पवन भावसार, सचिन कोचले, दीपक चौहान और प्रशांत सावनेर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
परिजनों और संगठन की ओर से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं आरोपी दीपक मीणा के संबंध में सामने आए रिश्तेदारी के दावे की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जांच के दायरे में लिया गया है।

