इंदिरा नगर में पानी की टंकी हटाने को लेकर विवाद, युवक गंभीर

  • Share on :

इंदौर। इंदिरा नगर की झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र स्थित झाड़ू वाली गली में पानी की टंकी को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, धीरेंद्र उर्फ सुदीप कैथवास अपने घर के सामने गाड़ी मोड़ रहे थे। रास्ते में संगीता राठौर और शारदा राठौर के घर की पानी की टंकी कई दिनों से रखी थी, जिससे वाहन निकालने में परेशानी हो रही थी। टंकी हटाने की बात कहने पर विवाद हो गया।

आरोप है कि इसी दौरान सुदीप कैथवास के साथ संगीता राठौर और उनकी मां ने मोगरी से सिर पर हमला किया। घटना के करीब पांच-छह दिन बाद सुदीप की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर में चोट की बात सामने आई।

वर्तमान में सुदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अरविंदो अस्पताल के न्यूरो ICU में भर्ती किया गया है। परिजनों के मुताबिक सिर में ब्लड क्लॉट होने के कारण वह किसी को पहचान नहीं पा रहे हैं और उन्हें झटके भी आ रहे हैं।

मामले को लेकर आज परिजनों ने मल्हारगंज थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper