बाबा के धाम में VIP कल्चर पर रार: आम भक्तों ने रोका रास्ता, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
रुद्रप्रयाग. केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है. शुक्रवार को जहां तीर्थ पुरोहितों ने वीआईपी दर्शन व्यवस्था के विरोध में आवाज उठाई थी, वहीं शनिवार को आम तीर्थ यात्रियों का गुस्सा भी खुलकर सामने आ गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के बाहर एकत्र होकर वीआईपी दर्शन बंद करने की मांग को लेकर नारेबाज़ी की.
आपको बता दें कि इन दिनों केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. जिसके चलते आम भक्तों को कई घंटों तक लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है. इसके विपरीत, वीआईपी व्यवस्था के तहत कुछ लोगों को प्राथमिकता के आधार पर जल्दी दर्शन कराए जा रहे हैं. इसी असमानता को लेकर अब विरोध तेज हो गया है.
श्रद्धालुओं के साथ तीर्थ पुरोहित भी उतरे VIP दर्शन के विरोध में
तीर्थ यात्रियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा कई बार वीआईपी दर्शन को सीमित या बंद करने की घोषणाएं की गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है. श्रद्धालुओं का कहना है कि जब वे घंटों लाइन में खड़े रहते हैं और उसी दौरान कुछ लोगों को सीधे अंदर भेज दिया जाता है, तो इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं.
साभार आज तक

