कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

  • Share on :

जिले में भ्रामक जानकारियां ना फैलाए, शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील।
दिलीप पाटीदार 
धार । जिला मुख्यालय पर कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में आपसी भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द और सुदृढ़ कानून व्यवस्था को बनाए रखना था।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कहा कि जिला हमेशा से ही आपसी सद्भाव और शांति का प्रतीक रहा है। आगामी त्योहारों और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने समिति के सभी सदस्यों से समाज में सकारात्मक माहौल बनाए रखने में सहयोग की अपील की। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों द्वारा भी जिले में शांति और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में कई व्यावहारिक एवं महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर और एसपी ने सदस्यों द्वारा दिए गए सभी रचनात्मक सुझावों का स्वागत किया और उन्हें प्रशासनिक व्यवस्थाओं में शामिल करने का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने कानून व्यवस्था को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति बिना पुष्टि के भ्रामक जानकारी, अफवाहें या उत्तेजक संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित न करे। इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निरंतर निगरानी की जा रही है, और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रशासन को हर स्तर पर पूर्ण सहयोग देने की बात कही ।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा सहित शांति समिति के सम्मानित सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper