कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने नन्हें शटलर इश्मित अरोरा को प्रोत्साहन हेतु 51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की

  • Share on :

संवाददाता दिलीप पाटीदार 
धार । कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने खेलों को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज नन्हें शटलर इश्मित अरोरा को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया। अंडर-13 ऑल इंडिया बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता इश्मित को यह राशि सीआरएस (CSR) फंड के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, ताकि उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ना जरूरी: कलेक्टर
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि खिलाड़ियों के श्रेष्ठ प्रदर्शन में उनके पालकों का अहम योगदान होता है। उचित प्रोत्साहन से ही खिलाड़ी आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा में निखार लाते हैं। उन्होंने इश्मित के स्पष्ट लक्ष्य और उसकी निरंतर मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इश्मित निश्चित ही भविष्य में और ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। साथ ही, उन्होंने धार में खेल संस्थाओं द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन की भी सराहना की।
       इस अवसर पर इश्मित अरोरा के माता-पिता श्रीमती शिखा अरोरा एवं श्री लक्की अरोरा, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री, धार लिटिल शटलर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष श्री शरदचंद्र निगम और जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव श्री सलीम खान उपस्थित थे। इस दौरान बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नन्हें शटलर को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper