खंडवा से भाबरा तक निकली 'विचार परिवर्तन क्रांति पद यात्रा', युवाओं में राष्ट्रजागरण का संदेश
खंडवा पुनीत सेन
खंडवा से महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाबरा तक 'विचार परिवर्तन क्रांति पद यात्रा' का शुभारंभ गुरुवार, 16 जुलाई को किया गया। यह यात्रा 16 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय जागरण, धर्म, संस्कृति, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और स्वदेशी के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
समाजसेवी गणेश भावसार ने बताया कि पंडित राकेश तिवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा का शुभारंभ दोपहर 1 बजे पार्वती बाई धर्मशाला से हुआ। यात्रा बाम्बे बाजार होते हुए भगत सिंह चौक पहुंची, जहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा दादा दरबार से होते हुए भाबरा के लिए रवाना हुई।
श्री भावसार ने कहा कि वर्तमान समय में देश अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं तथा सामाजिक चिंताओं को देखते हुए युवाओं में राष्ट्रप्रेम, जागरूकता और सकारात्मक विचारों का संचार करना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि यात्रा का समापन 23 जुलाई को चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाबरा में होगा। इस अवसर पर शहीद दिवस मनाते हुए तिरंगा फहराया जाएगा तथा देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

