जनपद पंचायत सीईओ कटनी ने तखला पहुंचकर ओपन जिम का निरीक्षण कर लिया जायजा

  • Share on :

श्री सिंह ने ग्रामवासियों से सेहत सुधारने ओपन जिम का उपयोग करने किया संवाद
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी । ओपन जिम में लगाए गए इक्विपमेंट युवाओं और बुजुर्गों के साथ-साथ सेहत के प्रति सचेत रहने वालों के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा चलाई गई एक अच्छी पहल है। ओपन जिम के नियमित उपयोग से स्वास्थ्य को बेहतर रखने में सहायता मिलेगी। आप सभी प्रतिदिन सुबह-शाम आकर अपनी क्षमता और चिकित्सक के परामर्श के अनुसार इनका उपयोग करें ताकि शारीरिक मजबूती,बेहतर मानसिक स्वास्थ्य और बीमारियों से बचाव जैसे अनेक लाभ मिलते रहें। ये बातें गुरुवार को जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह ने ग्राम पंचायत तखला पहुंचकर ओपन जिम का औचक निरीक्षण करते हुए ग्राम वासियों से संवाद करते हुए कहीं। उन्होंने इस दौरान ओपन जिम में स्थापित लेग और चेस्ट प्रेस, क्रॉस वॉकर,एयर वॉकर, सिटिंग और स्टैंडिंग ट्विस्ट, पुल अप एवं चिन आप बार, हॉर्स राइडर आदि का स्वयं भी उपयोग कर उपकरणों की स्थिति को परखा। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिंह ने ग्राम वासियों से चर्चा करते हुए कहा कि ओपन जिम में प्रतिदिन व्यायाम करने से हृदय को स्वस्थ रखने में सहायता मिलती है और तनाव कम होने से आत्मविश्वास बढ़ता है। व्यायाम वजन को नियंत्रित करने में भी मददगार साबित होता है। इस दौरान सीईओ श्री सिंह ने मध्यान्ह भोजन किचन रूम का निरीक्षण कर साफ सफाई, गुणवत्ता, शुद्ध पेयजल एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार खाना बनाने और परोसने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।

पांचवें वित्त की राशि से स्वीकृत

ग्राम पंचायत के सचिव दयाशंकर गर्ग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद पंचायत द्वारा पांचवें वित्त की राशि से पांच लाख रुपए राशि ओपन जिम के निर्माण हेतु स्वीकृत की गई थी। ग्राम पंचायत द्वारा 5 लाख की लागत से ओपन जिम तैयार कराई गई है। जिसका ग्रामवासी उपयोग कर रहे हैं। 

इस दौरान सरपंच अनिल सिंह चौहान, सचिव दयाशंकर गर्ग, ग्राम रोजगार सहायक प्रदीप पांडे, महेंद्र लुनिया, निधि विश्वकर्मा, अनिरुद्ध प्रताप सिंह,  दिनेश पाली, बालकिशन आदि मौजूद रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper