वाइट हाउस के ओवल ऑफिस में मनमा दिवाली का त्योहार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भेंट की गई 'हनुमान चालीसा'
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति भवन वाइट हाउस स्थित ओवल ऑफिस में इस वर्ष दीपावली का त्योहार भव्य रूप से मनाया गया। इस समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भारतीय मूल के कई प्रमुख उद्यमियों, हस्तियों और अप्रवासी समुदाय के दिग्गजों ने हिस्सा लिया। इन्होंने पारंपरिक रूप से दीये जलाए। इस समारोह का मुख्य आकर्षण भारतीय टेक उद्यमी और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल रहे। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के दौरान उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की।
गोंडल ने एक्स पर इस पल की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "ओवल ऑफिस में रोशनी के साझा पल। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना और उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित यह पावन पाठ हममें से करोड़ों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए रोज जपते हैं।" उन्होंने आगे लिखा कि दीये जलाते समय उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती को और मजबूत करने तथा अंधकार पर प्रकाश की विजय की प्रार्थना की।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

