दीपावली — घरों में उजाला, दिलों में अंधेरा क्यों?
एक विचार, एक सवाल, एक संदेश…
वो भी एक दीपावली थी, जो दिलों को दिलों से मिलाती थी। न दिखावे की कोई होड़ थी, न अमीरी-गरीबी की दीवार थी। एक छोटा-सा दीपक जलता था, और हर चेहरा मुस्कुराता था।
आज दीपावली कुछ बदल गई है, खुशियाँ भी तस्वीरों में ढल गई हैं। किसका घर कितना चमक रहा है, किसका आँगन कितना सज रहा है। कोई अपनी गाड़ी दिखा रहा है, कोई अपना बंगला सजा रहा है। कोई महँगे कपड़ों का प्रदर्शन करता है, तो कोई अपनी दौलत का वर्णन करता है।
लेकिन ज़रा सोचो…
जिसके पास दिखाने को कुछ नहीं, क्या उसके हिस्से में दीपावली नहीं? जिसके घर में रोशनी कम है, क्या उसकी खुशियों का कोई हक़ नहीं?
सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की भरमार है, हर तरफ़ 'हैप्पी दीपावली' का प्रचार है। पर एक सवाल दिल से पूछना है, क्या सच में सबकी खुशी में खुश होना है?
जिसे देखकर मन में जलन होती है, उसी को शुभकामनाएँ भेजी जाती हैं। होंठों पर तो 'हैप्पी दीपावली' होती है, पर दिलों में कैसी भावना होती है?
हैप्पी दीपावली कहना आसान है, किसी की खुशी में खुश होना महान है।
दीप जलाना है तो दिल में जलाओ, किसी के अंधेरे जीवन में उजाला लाओ। घर की दीवारें तो बिजली से चमक जाएँगी, मगर दिलों की दूरियाँ कैसे मिट पाएँगी?
किसी के पास धन है, किसी के पास प्यार, किसी के पास कुछ नहीं, बस उम्मीदों का संसार। किसी को उपहार नहीं, सहारा चाहिए, किसी को मिठाई नहीं, अपनापन चाहिए।
किसी का हाथ थामकर तो देखो, किसी के आँसू पोंछकर तो देखो। किसी की मुश्किल में काम आकर देखो, बिना दिखावे के दीपावली मनाकर देखो।
क्योंकि दीपावली का अर्थ सिर्फ़ घरों को रोशन करना नहीं, अपने भीतर के अंधकार को मिटाना है।
ईर्ष्या की जगह प्रेम जगाना है, अहंकार की जगह अपनापन लाना है। दिखावे की जगह इंसानियत सजाना है, और टूटे हुए दिलों को फिर से मिलाना है।
इस दीपावली एक संकल्प करें, किसी की तरक्की देखकर न जलें। किसी की खुशी से दुखी न हों, किसी की मजबूरी पर कभी न हँसें।
भले किसी को शुभकामना न दे पाएँ, लेकिन किसी के काम ज़रूर आएँ। क्योंकि शुभकामना शब्दों से नहीं, हमारे कर्मों से सच्ची होती है।
एक दीप से दूसरा दीप जलता है, उजाला बाँटने से कभी कम नहीं होता। एक दिल से दूसरा दिल मिलता है, प्यार बाँटने से इंसान छोटा नहीं होता।
तो आओ इस बार ऐसी दीपावली मनाएँ, जहाँ कोई छोटा, कोई बड़ा न कहलाए। न दौलत की होड़, न दिखावे का सवाल, बस हर दिल में प्रेम हो, हर चेहरे पर मुस्कान।
घर में हज़ार दीप जलाने से पहले, अपने दिल में एक दीप जलाना। और अगर सच में 'हैप्पी दीपावली' चाहते हो, तो किसी और की ज़िंदगी भी हैप्पी बनाना।
-कवि गोपाल गावंडे प्रधान संपादक — दैनिक रणजीत टाइम्स
मेरा दीपावली संदेश: "दीपावली वह नहीं, जिसमें आपका घर सबसे ज़्यादा चमके; दीपावली वह है, जिसमें आपके कारण किसी और का जीवन रोशन हो जाए।"

