नशे में धुत व्यक्ति ने फुटपाथ पर सो रहे 17 को रौंद डाला, 2 की मौत

  • Share on :

नागपुर। पुणे की पोर्श कांड के बाद महाराष्ट्र के नागपुर से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी कार फुटपाथ पर सो रहे व्यक्तियों पर चढ़ा दी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। वही 15 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक कार में छह दोस्त सवार थे, जो कथित तौर पर एक ढाबे पर पार्टी करने के बाद नशे में थे। रविवार आधी रात को कार नागपुर में दिघोरी टोल प्लाजा के पास फुटपाथ पर जा घुसी, जहां लोग सो रहे थे। पुलिस ने गाड़ी चला रहे भूषण लांजेवार और उसके दोस्तों - वंश जादे, सन्मय पत्रिकर, अथर्व वनायत, अथर्व मोगरे और ऋषिकेश चौबे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सोमवार को कहा कि लांजेवार और उसके दोस्त, सभी इंजीनियरिंग के छात्र हैं या इंजिनियरिंग खत्म कर चुके हैं। उन पर आईपीसी की धारा 304 (II) (गैर इरादतन हत्या) और अन्य धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। उन्हें दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। टोल प्लाजा के पास तेज गति से आ रही कार को रोकने की कोशिश करते समय दो पुलिस अधिकारी बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार पहले खड़ी स्विफ्ट डिजायर से टकराई, जिससे हुंडई वर्ना का आगे का बायाँ टायर फट गया। इससे लांजेवार का नियंत्रण खो गया और वह फुटपाथ पर जा गिरा, जहाँ परिवार सो रहा था। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय कांतिबाई बागड़िया और 30 वर्षीय सीताराम बागड़िया के रूप में हुई है। घायलों में से सात की हालत गंभीर है, जबकि आठ अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper