दुर्गापुर में बवाल: पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू की मूर्ति उखाड़ी, कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत

  • Share on :

दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा गिराने की शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के आरोप हैं कि प्रतिमा को उखाड़ा और पास के जंगल में फेंक दिया गया था। साथ ही इससे जुड़ीं कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं। पार्टी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मूर्ति को दोबारा जगह पर लगाए जाने की मांग की है।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने कहा कि पार्टी इस घटना की निंदा करती है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभांकर सरकार ने दुर्गापुर में हुई इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है।
पार्टी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'दुर्गापुर में हर्षवर्धन प्राइमरी स्कूल के बगल वाले मेडिटेशन सेंटर के सामने पंडित नेहरू की मूर्ति को क्रेन से उठाकर वहां से हटा दिया गया और पास के जंगल में फेंक दिया गया। इस घटना के खिलाफ जिला कांग्रेस ने पहले ही विरोध प्रदर्शन किया है और प्रशासन से मांग की है कि मूर्ति को तुरंत उसकी पुरानी जगह पर वापस लगाया जाए।'
सरकार ने कहा है कि इसमें शामिल लोगों की तुरंत पहचान हो और कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा, 'प्रशासन को यह जांच करनी चाहिए कि किस राजनीतिक दल के लोगों ने यह घिनौना काम किया है। हम कोई बहाना नहीं सुनेंगे। पंडित नेहरू की मूर्ति को तुरंत सम्मान के साथ उसकी जगह पर वापस लगाया जाए। साथ ही इस घटना के सभी दोषियों को पहचानकर गिरफ्तार किया जाए और कानून के तहत कड़ी सजा दी जाए।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper