पालघर में फिर डोली धरती: 60 मिनट में दो बार आया 3.4 तीव्रता का भूकंप, जव्हार तालुका में था केंद्र

  • Share on :

पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। दोनों झटकों की तीव्रता 3.4 रही। अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पहला झटका सोमवार रात 10 बजकर 04 मिनट पर आया। इसके करीब एक घंटे बाद रात 11 बजे फिर 3.4 तीव्रता का भूकंप आया।
जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि दोनों झटकों का केंद्र जव्हार तालुका में जमीन से करीब पांच किलोमीटर की गहराई में था। लगातार दो झटके आने से स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि जिले में किसी इमारत को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय शांत रहने और भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सामान्य सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है। पालघर मुंबई से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित है। जिले में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस होते रहे हैं। पिछले महीने भी पालघर में तीन बार भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper