विद्या हमारी धरोहर ही नहीं हमारी शक्ति है जो सुपात्र व्यक्तित्व का निर्माण करती है - डॉ. भरत शर्मा
गौड़ ब्राह्मण संघ द्वारा डॉ. भरत शर्मा संस्था के संरक्षक निर्वाचित
इंदौर। गौड़ ब्राह्मण संघ द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सदस्य रहे एवं समाजसेवी एवं संस्कृति उत्थान हेतु कृतसंकल्प विद्वान डॉ. भरत शर्मा को संघ का संरक्षक मनोनीत किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों, धर्माचार्यों तथा युवा प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, सामाजिक जागरण तथा राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए यह दायित्व प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया गया कि गौड़ ब्राह्मण समाज शिक्षा, संस्कृति, पर्यावरण, संस्कार एवं सेवा के क्षेत्रों में नवीन प्रकल्पों का संचालन करेगा। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना, वेद एवं संस्कृत अध्ययन प्रोत्साहन, युवा नेतृत्व विकास, पर्यावरण संरक्षण अभियान, वरिष्ठजनों के सम्मान कार्यक्रम तथा सामाजिक समरसता के विभिन्न आयोजन प्रमुख रूप से सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. भरत शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव ज्ञान, संस्कार, धर्म और लोककल्याण का वाहक रहा है। वर्तमान समय में समाज को शिक्षा, नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में अपनी परंपरागत भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना होगा।
समारोह का समापन राष्ट्र की उन्नति, समाज की एकता तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उक्त अवसर पर गौड़ ब्राह्मण संघ द्वारा अन्नकूट महोत्सव भी पं. भरत शर्मा के मुख्य आतिथ्य में और वेदमूर्ति पं. देवव्रत रेखे के सानिध्य में किया गया।
इस अवसर पर वेदमूर्ति पं. देवव्रत रेखे ने कहा कि ब्राह्मण समाज की असली पूँजी उसका ज्ञान, संस्कार और वेद परम्परा है। उन्होंने ब्राह्मणों से आह्वान किया कि अपने बच्चों को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, वैदिक शिक्षा और पौराणिक कथाओं के वैज्ञानिक दृष्टिकोण की शिक्षा भी अवश्य दिलाएँ, ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रह सके।
कार्यक्रम में उनके पिता पं. महेश शंकर रेखे भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
अध्यक्षता परशुराम महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष पं. संजय मिश्रा ने की। विशेष अतिथि के रूप में ब्राह्मण सेवा संगठन के अध्यक्ष पं. सत्येन्द्र शर्मा एवं पं. गोविन्द शर्मा उपस्थित रहे।
प्रारम्भ में संघ के अध्यक्ष पं. बाबूलाल गौड़, सचिव पं. मनमोहन हिसारिया, पं. महेश शर्मा एवं पं. नरेन्द्र कौशिक ने वेदमूर्ति देवव्रत रेखे सहित समस्त अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी पं. राधेश्याम शर्मा ‘गुरुजी ठंडाई’ एवं पं. गौतम मारवाल को प्रशस्ति-पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
भगवान व्यंकटेश का फूल बंगले से सजा दरबार आकर्षण का केन्द्र रहा, जहाँ छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस मौके पर राजेश सांखला की भजन संध्या का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन पं. विजय अड़ीचवाल ने किया। आभार सचिव पं. मनमोहन हिसारिया ने माना।

