मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया निःशुल्क नमो कोचिंग सेंटर का शुभारंभ
आकाश विजयवर्गीय की पहल को देशभर में सराहना, सोशल मीडिया पर #AKVijayvargiyaFreeEducation नंबर-1 ट्रेंड हुआ।
सह संपादक अनिल चौधरी
इंदौर। पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की संस्था देव से महादेव वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए नमो कोचिंग सेंटर का शुभारंभ नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध डॉक्टर विश्वरूप रॉय चौधरी, कौटिल्य अकादमी के डायरेक्टर सिद्धांत जोशी सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस पहल को देशभर में सराहना मिल रही है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर #AKVijayvargiyaFreeEducation हैशटैग नंबर-1 पर ट्रेंड हुआ।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उनके सपनों को साकार करने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से एक वर्ष पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए बताया कि अगले वर्ष राज्य सरकार ढाई लाख भर्तियां निकालने जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए 15 से 20 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे संचालित होने वाली ई-लाइब्रेरी भी विकसित की जाएगी।
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने बताया कि निःशुल्क कोचिंग के लिए 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 208 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। कौटिल्य अकादमी के अनुभवी शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन शाम 5 से 7 बजे तक कक्षाएं संचालित की जाएंगी। प्रत्येक विद्यार्थी को 5 हजार रुपये की स्टडी सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
कोचिंग सेंटर में MPPSC, पटवारी, फूड सेफ्टी ऑफिसर, सब इंस्पेक्टर, पुलिस कांस्टेबल एवं शिक्षक वर्ग-1, 2 और 3 सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभा को आर्थिक अभाव के कारण पीछे न रहने देना और युवाओं को सरकारी सेवाओं में सफलता के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

