धनपुरी में अकीदत के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, नूरी मस्जिद से निकला जुलूस
इमामबाड़ा में टैक्सी यूनियन ने कराया आम लंगर, जगह-जगह हुआ स्वागत
साहिल खान
धनपुरी। ईद मिलादुन्नबी का पर्व धनपुरी में बड़े ही अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर नूरी मस्जिद धनपुरी से जुलूस निकाला गया। जुलूस निर्धारित समय पर रवाना हुआ और पहले से तय किए गए रूट के मुताबिक शहर के अलग-अलग इलाकों से होते हुए इमामबाड़ा पहुंचा। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रास्तेभर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और कई जगह लंगर का इंतजाम भी किया गया।
जुलूस के दौरान विलियस नंबर-2 में भी शानदार व्यवस्था देखने को मिली। यहां स्थानीय लोगों की ओर से लंगर का इंतजाम किया गया, जहां जुलूस में शामिल लोगों को भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया। जगह-जगह हुए स्वागत से पूरे इलाके में भाईचारे और सौहार्द का माहौल नजर आया।
इमामबाड़ा पहुंचने के बाद भी लंगर का सिलसिला जारी रहा। टैक्सी यूनियन की ओर से शाम के समय आम लंगर का आयोजन किया गया। टैक्सी यूनियन से जुड़े इरशाद खान, विजय पाठक और संजू राय सहित अन्य लोगों ने लंगर की व्यवस्था में सहयोग किया। शाम को बड़ी संख्या में लोगों ने लंगर में पहुंचकर भोजन ग्रहण किया।
नूरी मस्जिद के सदर शाहनवाज अंसारी ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह दिन हमें मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर धनपुरी में निकाला गया जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और शहर में आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की मिसाल नजर आई।

