तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को मारी टक्कर

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी।  पीरबाबा के पास रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जबलपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने जमकर तांडव मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:45 बजे कार चालक ने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कार को सीधी टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने के बाद खड़ी कार अनियंत्रित होकर पास ही स्थित फूल-माला की एक दुकान में जा घुसी। इस दौरान सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति भी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि जिस समय कार दुकान में घुसी, उस वक्त दुकान में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार चालक अत्यधिक शराब के नशे में था और वाहन पर से उसका नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका था। हादसे में प्रयुक्त कार का नंबर MP 20 CL 5382 बताया जा रहा है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। नागरिकों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper