भोपाल में 25 अक्टूबर को विद्युत यांत्रिकी संघ की ध्यानाकर्षण सभा, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जुटेंगे कर्मचारी

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
भोपाल। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के पत्रोपाधि अभियंता संघ द्वारा आगामी 25 अक्टूबर 2026, रविवार को भोपाल में ध्यानाकर्षण सभा आयोजित की जाएगी। सभा सुबह 11 बजे निष्ठा परिसर, गोविंदपुरा, भोपाल में होगी। इसमें कर्मचारियों की पदोन्नति, वेतनमान, नियमितीकरण और विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़ी 11 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
संघ की प्रमुख मांगों में सहायक यंत्रियों की पदोन्नति पर रोक लगाकर रिक्त पदों को कनिष्ठ यंत्रियों की पदोन्नति से भरना, कनिष्ठ अभियंता संवर्ग में सेवा अवधि के दौरान तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित करना तथा कार्यपालन यंत्री और अधीक्षण यंत्री के पदों पर पदोन्नति के लिए अलग व्यवस्था लागू करना शामिल है।
इसके अलावा वर्ष 2018 के बाद नियुक्त कनिष्ठ यंत्रियों के वेतनमान और ग्रेड-पे में समानता, संविदा पर कार्यरत कनिष्ठ यंत्रियों का नियमितीकरण तथा सहायक यंत्री संविदा के कर्मचारियों को कनिष्ठ यंत्री पद पर नियुक्ति देने की मांग भी उठाई जाएगी।
संघ ने आगामी डीपीसी में रिक्त पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरने, चतुर्थ उच्च वेतनमान के लिए संबंधित नियमों में संशोधन, विभागीय कर्मचारियों के विरुद्ध अनावश्यक शोकॉज और दंडात्मक कार्रवाई पर नियंत्रण तथा धारा 304ए के मामलों में नियमानुसार जांच के बाद ही कार्रवाई किए जाने की मांग रखी है।
संघ की एक अन्य प्रमुख मांग बिजली कंपनियों में विभागीय अनुमति लेकर डिप्लोमा उत्तीर्ण करने वाले लगभग 350 कर्मचारियों को कनिष्ठ यंत्री के पद पर नियुक्ति देने से संबंधित है। संघ का कहना है कि ये कर्मचारी कई वर्षों से जूनियर इंजीनियर का कार्य कर रहे हैं।

एकजुटता दिखाने की अपील
संघ ने सभी संबंधित कर्मचारियों से अपील की है कि वे 25 अक्टूबर को आयोजित ध्यानाकर्षण सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करें। सभा का उद्देश्य कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को सामने लाकर उनके निराकरण के लिए आवाज उठाना है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper