शुष्क दिवस पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो प्रकरणों में 166.68 बल्क लीटर शराब जब्त
आदित्य शर्मा
इंदौर। कलेक्टर इंदौर श्री शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में एडीईओ श्री धर्मेंद्र जोशी एवं श्री जहांगीर खान के निर्देशन में बंबई बाजार एवं बालदा कॉलोनी की वृत्त प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती मीरा सिंह एवं श्रीमती कृतिका द्विवेदी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए।
प्रकरण-1
सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान संगीता उर्फ मोंटी बाई, पति प्रताप नैनिये, उम्र लगभग ५२ वर्ष के कब्जे से अवैध शराब जब्त की गई। प्रकरण में कुल 59.04 बल्क लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 33,300 रुपए है।
प्रकरण-2
बड़ी ग्वालटोली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रजत सोनकर, पिता सुरेश सोनकर, उम्र 35 वर्ष के कब्जे से अवैध देशी शराब जब्त की गई। कार्रवाई में कुल 107.64 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 57,240 रुपए है।
दोनों प्रकरणों में कुल 166.68 बल्क लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90,540 रुपए है, जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक मीरा सिंह, कृतिका द्विवेदी, मुख्य आरक्षक मोहित रैकवार, कोमल कनेल , कैलाश अखंडे, आरक्षक संगीता यादव , मोहित कछवाय एवं बबलू सिसोदिया सहित आबकारी अमले की सराहनीय भूमिका रही।
आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात कही गई है।

